एमजीएम अस्पताल के नए भवन में गंदगी देख भड़के विधायक, कहा: अधीक्षक साहब इसे बर्बाद होने से बचाएं

Patamda : जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को डिमना में बने नए एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गाड़ी पार्किंग से लेकर अस्पताल के भीतर तक घूम-घूम कर देखा और अस्पताल के बाहर एवं भीतर गंदगी देख दंग रह गए। कई जगहों पर अस्पताल आने वाले लोगों द्वारा गुटखा या पान मसाला खाकर थूकने से दीवार गंदा हो गया है।
कर्मचारियों से अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके मंधान के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि चार मंजिला में उनका ऑफिस है। अधीक्षक से मिलने के लिए विधायक लिफ्ट में चढ़े तो लिफ्ट के भीतर का शीशा पूरी तरह से टूटा हुआ पाया। अधीक्षक से मिलते ही विधायक कालिंदी ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए करोड़ों रुपए की लागत से बनाए गए नए अस्पताल को पुराने अस्पताल की तरह गंदगी का अंबार न बनने दें और इसे बचाएं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि यहां गंदगी फैलाने वाले या गुटखा व पान मसाला खाकर थूकने वाले लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाएं। अस्पताल की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
अधीक्षक ने कहा कि विधायक जी साफ सफाई पर अवश्य ध्यान दिया जाएगा। विधायक ने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे बीमार मरीजों से भी उनका हाल चाल व चिकित्सा व्यवस्था को लेकर पूछताछ की। इस मौके पर उनके साथ विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, सुभाष कर्मकार, अश्विनी महतो आदि मौजूद थे।





