चलंत पशु चिकित्सालय की टीम ने जोड़सा व खेड़ुआ में की पशुओं की चिकित्सा
पटमदा के जोड़सा गांव में पशुपालकों से जानकारी लेते बीएचओ डॉ. सुमन विश्वास।
Patamda: झारखंड सरकार के चलंत पशु चिकित्सालय की टीम ने बुधवार को पटमदा प्रखंड के जोड़सा व खेड़ुआ गांव पहुंचकर पशुओं की चिकित्सा की। इस दौरान पशुपालकों से मिलकर उनसे बीमारियों की जानकारी ली और जरूरत के हिसाब से दवाइयां भी दीं। जिन पशुपालकों की मुर्गियों की मौत बीते दिनों अज्ञात बीमारी से हो गई थी, उनके घरों से मुर्गियों का सैंपल लिया गया। यह सैंपल जांच के लिए रांची भेजा जाएगा।

टीम में शामिल पटमदा प्रखंड के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुमन विश्वास ने बताया कि बीते दिनों विभिन्न समाचार पत्रों में अज्ञात बीमारी से मुर्गियों की मौत होने की खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित की गई थी। इसके बाद टीम ने चिह्नित गांवों में दौरा करते हुए पीड़ित पशुपालकों से मिलकर समस्याओं को जाना और दवाइयां भी दीं। उन्होंने बताया कि मुर्गियों के लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मुर्गियों की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। टीम ने कई किसानों के बैलों का इलाज भी किया। टीम में मनोरंजन कुंभकार, रवींद्र प्रमाणिक, शरत चंद्र माहली, संजय कुमार सिंह व अवधेश उपाध्याय शामिल थे।





