पत्नी वियोग में तनावग्रस्त युवक हो गया था नशे का आदी, चुनीडीह नाला में नहाने के क्रम में डूबने से हुई मौत

Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनीडीह गांव निवासी करीब 37 वर्षीय युवक माणिक महतो की पानी में पानी डूबने से शुक्रवार को मौत हो गई है। इसकी सूचना मिलने पर सुबह करीब साढ़े 10 बजे पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। स्थानीय ग्रामीण बताते हैं कि वह घर का इकलौता पुत्र था और पिछले कई माह से मानसिक तनाव में रह रहा था। उसने 2 साल पूर्व पश्चिम बंगाल की एक लड़की से विवाह किया था लेकिन डेढ़ माह तक साथ रहने के बाद पत्नी मायके भाग गई। कुछ महीनों पूर्व पत्नी ने माणिक को तलाक दे दी। इसके बाद से ही वह मानसिक तनाव के कारण नशे का आदी हो गया। वह गांव के अश्विनी महतो एवं अन्य ट्रैक्टर मालिकों का ट्रैक्टर चलाता था और अपनी बीमार बूढ़ी मां के साथ घर में रहता था। उसके पिता की पूर्व में ही मौत हो चुकी है।

बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि बोड़ाम से चुनीडीह होकर प्रखंड मुख्यालय स्थित पुलिया से गुजरने वाला नाला में चेकडैम के पास से एक युवक की लाश बरामद की गई है। बरसात के मौसम में नाले में पानी की धार तेज होने की वजह से शुक्रवार को सुबह नहाने के क्रम में युवक के डूबने की जानकारी मिली है। नहाने के क्रम में काफी देर तक आसपास में कोई नहीं होने की वजह से ही संभवतः उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि बाद में उस घाट पर नहाने पहुंची किसी महिला की नजर पड़ी तो उसने शोर मचाते हुए लोगों को जानकारी दी। फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में हर पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना का कारण दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या है, पुलिस छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद उसकी बूढ़ी मां की देखभाल करने वाला कोई नहीं है और उनका रो रो कर बुरा हाल है।




