मॉडल स्कूल की प्रधान शिक्षिका को शोकॉज नोटिस, 48 घंटे के अंदर मांगा जवाब
Patamda: मॉडल स्कूल पटमदा की प्रधान शिक्षिका स्नेहलता कुमारी द्वारा 4 छात्राओं को 160 बार कान पकड़कर उठक बैठक करवाने के मामले में शुक्रवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) प्रभाकर कुमार ने डीईओ मनोज कुमार के निर्देश पर शोकॉज नोटिस जारी करते हुए 48 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। इस मामले में आक्रोशित अभिभावकों ने गुरुवार को ही विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू से शिकायत की थी। जिसके बाद टुडू ने बीईईओ से दूरभाष पर बात करते हुए मामले की जानकारी दी थी।
शुक्रवार को झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने भी बीईईओ से बात की एवं कार्रवाई हेतु अनुरोध किया। गौरतलब हो कि बुधवार को स्कूल में सफाई नहीं करने के कारण प्रधान शिक्षिका स्नेहलता कुमारी ने चार छात्राओं रासी दास, पल्लवी प्रमाणिक, कल्पना दास एवं नमिता बेसरा को 500 बार उठक बैठक करने का दंड दिया था और 160 बार उठक बैठक करने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई थी। इस मामले में अभिभावकों ने शनिवार को जिले के उपायुक्त से मिलकर लिखित शिकायत करने की जानकारी दी है। अभिभावकों में नित्यानंद दास, विजय कृष्ण प्रमाणिक, पंचानन बेसरा व राजेश दास शामिल हैं।





