बेलटांड़-जोड़सा पथ पर आवागमन हुआ खतरनाक, रोज हो रहे हादसे
देवेंद्र कुंभकार
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत बेलटांड़ चौक से बांसगढ़ होते हुए जोड़सा तक करीब 10 किमी सड़क भारी बारिश के बाद इन दिनों पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इस सड़क पर पिछले करीब 4 वर्षों पूर्व सुदृढ़ीकरण का कार्य हुआ था लेकिन ठेकेदार द्वारा भारी अनियमितता बरते जाने से यह सड़क अपना अस्तित्व खो चुकी है और इस पर आवागमन खतरनाक हो गया है। इस सड़क पर कालीकरण की परत पूरी तरह उखड़ जाने से उसके नीचे मौजूद स्लैग का दाना बाहर आ गया है। इसके कारण खासकर बाइक स्किड करने से उसपर सवार लोग नियंत्रण खो देते हैं और दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
मंगलवार की रात करीब 10 बजे बिरखाम पुलिया के पास जोड़सा निवासी पत्रकार की बाइक के सामने अचानक एक सांप के आ जाने से उन्होंने जैसे ही ब्रेक लगाया सड़क पर मौजूद स्लैग के दाने की वजह से स्किड होकर गिर गए। इस घटना में उनके बाएं हाथ, पैर एवं चेहरे पर चोटें आईं हैं। जबकि बुधवार को करीब 11 बजे जोड़सा निवासी युवक देवेंद्र कुंभकार की बाइक को दुआरीडीह निवासी एक बाइक सवार ने अनियंत्रित होकर सामने से ठोकर मार दी। इस घटना में देवेंद्र कुंभकार के पैर एवं हाथ में चोटें आई हैं और वह घायल हो गए हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क के बीच कई जगहों पर बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं जिसमें बारिश का पानी जमा होने से इससे पूर्व भी कई लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।






























