पटमदा में डायरिया से एक महिला की मौत, दो बीमार

Patamda : पटमदा की लावा पंचायत के पोकलाबेडा टोला कियाबहाल गांव में शुक्रवार की सुबह डायरिया से 30 वर्षीय एक महिला बिमली बेसरा की मौत हो गई। जबकि बिमली का 6 वर्षीय बेटा विशाल बेसरा व गांव की अन्य महिला पार्वती बेसरा (30 वर्ष) भी डायरिया से पीड़ित हैं जिनका इलाज जारी है। घटना की सूचना गांव के मुखिया कानूराम बेसरा द्वारा शुक्रवार की सुबह पटमदा सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह को दिए जाने के बाद मेडिकल टीम गांव पहुंची और बीमार लोगों की चिकित्सा कर उन्हें दवाइयां दी। मुखिया ने बताया कि गांव में बीते शनिवार को डायरिया की सूचना मिलने पर पटमदा सीएचसी की टीम द्वारा गांव में कैंप कर दवाइयां वितरित की गई थी।
दूसरी ओर गांव में डायरिया से मृत्यु होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने सबसे पहले जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा व चिकित्सा प्रभारी डॉ. आरके सिंह को मामले की सूचना दी। उन्होंने बताया कि मृतका बिमली बेसरा को गुरुवार की शाम को बार-बार उल्टी एवं दस्त होने पर ग्रामीण चिकित्सक के द्वारा स्लाइन चढ़ाया गया था। देर रात स्थिति गंभीर होने पर उमा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनकी मृत्यु हो गई। चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि गांव में मेडिकल कैंप लगाकर बीमार लोगों का इलाज किया गया है। उन्होंने बताया कि बिमली बेसरा की मृत्यु डायरिया से नहीं बल्कि बार-बार उल्टी होने से हुई। उन्होंने बताया कि बीमार होने के बाद मरीज को अस्पताल नहीं लाकर गांव में ही ग्रामीण चिकित्सक से इलाज कराया गया और स्लाइन चढ़ाया गया। गांव में कैंप के दौरान सीएचओ सुरेश कुमार रजक एवं एएनएम मौजूद थे।





