घोड़ाबांधा में मंत्रियों-विधायकों समेत हजारों लोगों ने श्राद्ध में किया संस्कार भोज

Jamshedpur: गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ाबांधा में शुक्रवार को श्राद्ध कर्म में हजारों की भीड़ जुटी। इसमें 50 हजार से अधिक लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी। शाम 7 बजे के बाद एक स्टॉल में भोजन का स्टॉक खत्म हो जाने से कुछ देर तक लोगों को इंतजार करना पड़ा हालांकि तब तक भीड़ कम हो चुकी थी। व्यवस्था संभाल रहे कुछ लोगों ने बताया कि खाना लगातार तैयार किया जा रहा है क्योंकि रात के वक्त ग्रामीण लोग पहुंचेंगे। संस्कार भोज में शाकाहारी के साथ-साथ मांसाहारी भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। इसमें चार प्रकार के मांसाहारी भोजन लोगों को परोसे गए। भीड़ को देखते हुए किसी तरह की अव्यवस्था न हो इसके लिए घोड़ाबांधा फुटबॉल मैदान में तीन अलग-अलग फूड केबिन बनाए गए थे। मांसाहारी में मटन के स्टॉल में अधिक भीड़ देखी गई। एक वीआईपी केबिन, दूसरा बुफे केबिन और तीसरा आम लोगों के लिए बैठकर खिलाने के लिए।

यहां मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दोपहर को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन संग शुक्रवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रहे दिवंगत रामदास सोरेन के “संस्कार भोज” में सम्मिलित होने पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने रामदास सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमनी सोरेन एवं उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग स्मृति शेष-मंत्री रामदास सोरेन जी के आवास पर पहुंचे हैं। गुरुजी के निधन के महज कुछ दिनों के बाद ही रामदास सोरेन का भी आकस्मिक निधन हुआ। इन दोनों विभूतियों का परलोक गमन अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से स्मृति शेष रामदास सोरेन के चाहने वाले एवं उनके सगे-संबंधी यहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
घोड़ाबांधा फुटबॉल मैदान में श्रद्धांजलि देने के लिए न सिर्फ जमशेदपुर, बल्कि पूरे प्रदेश से लोगों की भीड़ उमड़ी। यहां लोगों ने पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन को श्राद्धकर्म में अंतिम जोहार किया। इसमें अति विशिष्ट लोगों से लेकर आम लोग तक शामिल हुए। कार्यक्रम में शुक्रवार को सर्वप्रथम झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो शामिल हुए। इसके बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास घोड़ाबांधा पहुंचे और रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके बाद टुंडी विधायक एवं पूर्व मंत्री मथुरा महतो संस्कार भोज में पहुंचे।
बाद में मंत्री दीपक बिरुआ पहुंचे। इसके बाद राज्यसभा सांसद महुआ माजी संस्कार भोज में शामिल होने पहुंचीं।
लोगों के आने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इसमें झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, विधायक समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, सुखराम उरांव, दशरथ गागराई, सबिता महतो, निरल पूर्ति, जगत माझी, भूषण तिर्की, विकास मुंडा, ममता महतो, प्रदीप यादव, हरिकृष्ण सिंह व राजेश कच्छप, सांसद जोबा माझी, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद शैलेन्द्र महतो, आभा महतो व प्रदीप कुमार बालमुचू, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, झामुमो के वरिष्ठ नेता मोहन कर्मकार, आस्तिक महतो, राजू गिरी, प्रमोद लाल, बाघराय मार्डी, पिंटू दत्ता, अजय रजक, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी समेत कई अन्य लोग भी श्राद्धकर्म में पहुंचे। इसी बीच दोपहर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी श्राद्ध में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के जाने के बाद भी लोगों का आना जारी रहा। आदिवासी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी संस्कार भोज में सम्मिलित हुए और स्वर्गीय रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।





