हाथी के हमले से मृत युवक के परिजनों से मिले विधायक
Gurabanda : बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गुड़ाबांदा के बालिजुड़ी में हाथी के हमले से मृत सरोज पाल के परिजनों से मिले। विधायक ने मृतक के परिजनों से मिलकर संवेदना जताया। साथ ही आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
विधायक ने पीड़ित परिवार को हर-संभव मदद का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने विधायक से वन विभाग की शिकायत करते हुए कहा कि घटना के दिन सुबह से विभाग को हाथी आने की सूचना दी गई। विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। शाम को हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसके लिए वन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। विधायक समीर ने तत्काल डीएफओ को फोन पर फटकार लगाते हुए कहा कि वन विभाग की ढिलाई के कारण एक व्यक्ति की जान गई है। विभाग इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी को सस्पेंड करे। उन्होंने 15 दिनों के अंदर पूरे मुआवजा राशि का भुगतान करने का निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिया।
मृतक सरोज पाल के पिता सुभाष चन्द्र पाल ने विधायक से गुहार लगाते हुए कहा कि उसके पुत्र के उच्च शिक्षा हेतु लिए गए लोन को माफ करा दें। घर में कमाई करने वाले सदस्य की जान चली गई है। उसके एक पुत्र को रोजगार के लिए उचित पहल करने का भी निवेदन किया। मौके पर झामुमो नेता साकिला हेम्ब्रम, मेघराय हेम्ब्रम, हाड़ीराम सोरेन, लालमोन मांडी, रघुनाथ मांडी, बंकीम सोरेन, सुराई हेम्ब्रम, विष्णु पदो नायेक, सुधांशु पंडा, शिवशंकर पात्र, कमलेश पात्र समेत ग्रामीण उपस्थित थे। विदित हो कि विगत 25 अगस्त को हाथी के हमले से बालिजुड़ी निवासी सरोज पाल की मौत हो गई थी।





