पलमा व बेलगोड़ा में लगा कैम्प, डायरिया से पीड़ित मरीजों की हुई जांच
Patamda : जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर पटमदा प्रखंड अंतर्गत खेडुआ पंचायत के पलमा टोला में गुरुवार को भी सीएचसी की मेडिकल टीम ने कैम्प लगाकर डायरिया से पीड़ित मरीजों को दवाइयां दीं और पानी को उबाल कर पीने की सलाह दी है।
पटमदा सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पलमा गांव के नारायण सिंह (67), सुशीला बास्के (46), चुड़ामनी सिंह (36), पार्वती सिंह (25), रमेश सिंह (35) समेत 35 लोगों का इलाज किया गया है। इनमें से मंगली सिंह (25) की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने माचा सीएचसी में भर्ती कराया था। देर शाम तक स्वस्थ होकर घर लौट गई हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल गांव में डायरिया नियंत्रण में है।
दूसरी ओर बोड़ाम प्रखंड के आंधारझोर टोला बेलगोड़ा में डायरिया फैलने की सूचना पर मेडिकल कैम्प लगाया गया। इस दौरान गंभीर रूप से पीड़ित पविता मुर्मू, कराला मुर्मू, सोमवारी मुर्मू, पार्वती हांसदा व लक्ष्मी हांसदा को स्लाइन चढ़ाया गया है। जबकि जागरी मुर्मू, सादमनी मुर्मू, बाबूराम हेम्ब्रम, नरहरि हेम्ब्रम, चैतन हांसदा व मुचकानी हेम्ब्रम को आवश्यक दवाइयां दी गई है। मेडिकल टीम में शामिल डॉ. सौमेन दत्ता ने बताया कि इस दौरान गांव में ब्लीचिंग पावडर का छिड़काव भी कराया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल डायरिया नियंत्रण में है। मेडिकल टीम में एएनएम किरण महतो, पूर्णिमा कुमारी, सौमेन महतो, काजल गिरी व सहिया मौजूद थे।





