विस्थापन आयोग का बनना झारखंडी जनता की बड़ी जीत, रंग लाया जयराम महतो का प्रयास : सुब्रत महतो
Patamda: झारखंड राज्य विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग (गठन, कार्य एवं दायित्व ) नियमावली 2025 को कैबिनेट में मिली मंजूरी झारखंड की जनता के लिए बड़ी जीत है। यह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के संघर्ष और प्रयास का परिणाम है। यह बातें शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी कर जेएलकेएम के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने कहीं। उन्होंने कहा कि विगत 28 अगस्त को मानसून सत्र के दौरान विधायक जयराम कुमार महतो ने गैर-सरकारी संकल्प में विस्थापन आयोग गठन को लेकर जोरदार बहस किया था। इस विषय को लेकर आखिरकार सरकार ने उनकी बात मानी, जो कार्य 25 सालों से नहीं हुआ वह सदन में मजबूत तरीके से रखने के बाद पांच दिनों में पूरा हो गया। इसके लिए जयराम महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपक बिरुआ सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।
सुब्रत महतो ने विधायक जयराम कुमार महतो का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव के वक्त उन्होंने जनता से विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग के गठन को लेकर वादा किया था।
झारखंड अलग राज्य गठन के 25 सालों के बाद भी यहां विस्थापन और पुनर्वास की बड़ी समस्या थी और आज तक इस पर कोई नीति नियम नहीं बनने की वजह से लोग दर-दर की ठोकरें खाने को विवश हो जाते थे। विस्थापन और पुनर्वास आयोग के गठन से राज्य की लाखों जनता को न्याय मिल सकेगा।





