आरएनके स्टडी प्वाइंट में डॉ. राधाकृष्णन की जयंती सह शिक्षक दिवस पर बच्चों के बीच क्विज का आयोजन

Patamda: पटमदा के सुदूर गांव जोड़सा स्थित आरएनके स्टडी प्वाइंट कोचिंग संस्थान में शुक्रवार को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। मौके पर कोचिंग के संचालक सह शिक्षक रघुनाथ कुम्भकार ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन दर्शन और शिक्षा-जगत में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज और अंक दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

क्विज में निर्मल कुम्भकार और पुष्पलता सिंह प्रथम, अनुराधा कुम्भकार और सागेन मुर्मू द्वितीय तथा मीनू कुम्भकार और अंजलि सिंह तृतीय स्थान पर रहे। अंक दौड़ प्रतियोगिता में संतना मांडी ने प्रथम और महाबीर कुम्भकार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजाबासा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अनिल बरन बेसरा, जोड़सा पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर उत्तम कुमार, आनंद कुम्भकार, हिमांशु कुम्भकार तथा सभी विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।





