लावजोड़ा पीएचसी में दूसरे दिन सबर महिला ने जुड़वां बच्चे को दिया जन्म

Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लावजोड़ा पीएचसी में शनिवार को प्रसव गृह का शुभारंभ हुआ। इसमें बेलडीह पंचायत के पाकोटोड़ा टोला की ममता सबर का सुरक्षित प्रसव कराया गया और उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। रविवार को दूसरे दिन क्षेत्र की जनता ने भरोसा जताया और पोखरिया सबर टोला से आई अरुण सबर की पत्नी नामणि सबर ने जुड़वां बच्ची को जन्म दिया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सोमेन कुमार दत्त के अनुसार दोनों ही बच्ची स्वस्थ हैं। जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रसव गृह के चालू होने से प्रसन्नता व्यक्त की है। उपायुक्त ने कहा कि बोड़ाम प्रखंड के लावजोड़ा पीएचसी में सबर समुदाय की प्रसूता का पहला सुरक्षित प्रसव संपन्न हुआ। मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कराने का प्रयास है।





