खेलो झारखंड के विभिन्न स्पर्धाओं में पटमदा के छात्रों का जिला स्तर पर दबदबा, अब राज्य स्तर की तैयारी

Patamda: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित जिला स्तरीय खेलो झारखंड वालीबॉल प्रतियोगिता के अंडर- 17 बालक वर्ग में +2 आदिवासी उच्च विद्यालय बांगुड़दा के छात्रों ने परचम लहराया है। अब यह टीम राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में शामिल होगी। खेल शिक्षक सह कोच राहुल कुमार ने बताया कि पटमदा का प्रतिनिधित्व करते हुए वालीबॉल टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। टीम के अधिकांश खिलाड़ी पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर गांव के निवासी छात्र हैं।
इसके अतिरिक्त टिनप्लेट मैदान में आयोजित शॉट पुट एवं ट्रिपल जंप में भी +2 उच्च विद्यालय बांगुड़दा को सफलता हाथ लगी है। यहां के खिलाड़ी टीकाराम सिंह शॉट पुट में तथा आस्तिक महतो ने ट्रिपल जंप में पहला स्थान प्राप्त किया है। एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा के छात्र ने अंडर- 17 बालक वर्ग के रस्सा कस्सी में प्रथम स्थान हासिल किया हैं। उत्क्रमित उच्च विद्यालय गोबरघुसी से 600 मीटर तथा 400 मीटर दौड़ बालिका वर्ग अंडर- 14 एवं 17 में क्रमशः रीना सिंह एवं पार्वती सिंह पहला स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। कबड्डी, अंडर- 14 बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पटमदा की टीम विजेता बनी। सभी स्पर्धाओं में चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।





