पटमदा के आगुईडांगरा में मुखिया की पहल पर लगा 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर, ग्रामीणों में खुशी
Patamda: पटमदा पंचायत अंतर्गत आगुईडांगरा गांव के सरदार टोला में रविवार को 63 केवी के ट्रांसफॉर्मर में अचानक हुई वज्रपात के कारण क्वायल जल गया था। जिसके बाद गांव के लोग अंधेरे में रह रहे थे। ग्राम प्रधान बाघाम्बर सिंह ने बताया कि जितिया पूजा के दिन बिजली की आपूर्ति बाधित होने से श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसकी जानकारी स्थानीय मुखिया परमेश्वर सिंह को दिए जाने एवं 63 केवी के बदले 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगवाने की मांग की गई थी। मुखिया ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पीयूष आनंद से संपर्क करते हुए 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
मंगलवार को लाइनमैन मोहम्मद महमूद की तत्परता से देर शाम तक 63 केवी के बदले 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। मुखिया परमेश्वर सिंह ने बताया कि गांव में 100 से अधिक उपभोक्ताओं के लिए बड़ा ट्रांसफॉर्मर जरूरी था इसलिए ग्रामीणों की मांग पर विभाग के पास आग्रह किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को ग्रामीणों द्वारा विश्वकर्मा पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जाना है इसलिए पूर्व संध्या पर विद्युतापूर्ति शुरू होने से गांव में दीपावली जैसा माहौल बन गया।





