दुर्गा पूजा त्योहार के दौरान नकली विदेशी शराब सप्लाई करने की थी तैयारी, नीमडीह पुलिस ने कर दिया फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार

भारी मात्रा में नकली शराब एवं अन्य सामग्रियां जब्त
Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी मुकेश कुमार लूणायत को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मंगलवार को पुलिस द्वारा नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंतलो गांव में चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब एवं अन्य सामग्रियों को जब्त किया गया है।

चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अरविंद विन्हा ने बताया कि इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ नीमडीह थाना में नीमडीह थाना कांड सं. 53/2025, दिनांक 16.09.2025, धारा 318 (4)/338/336(3)/340(2) /274/275 बीएनएस-2023 एवं 47 (ए.) / 47 (बी.)/47 (सी.)/52/55 उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा आगामी दुर्गा पूजा के त्योहार को लेकर पूरे जिले में अवैध शराब का निर्माण एवं बिक्री के विरूद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल के निर्देशन में नीमडीह थाना पुलिस के द्वारा थानान्तर्गत ग्राम तेंतलो के रहने वाले अशोक गोप उर्फ बीडीओ गोप के घर में छापामारी करने पर घर के मुख्य दरवाजे पर खड़े टेम्पो में भारी मात्रा में लोड नकली अंग्रजी शराब के साथ चांडिल थाना क्षेत्र के भादुडीह निवासी निरंजन गोराई एवं परसुडीह, जमशेदपुर थाना क्षेत्र के हलुदबनी निवासी प्रकाश कुमार गुप्ता को रंगे हाथ पकड़ा गया तथा घर के अंदर से नकली अंग्रेजी शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला स्प्रिट, विभिन्न ब्रांड के लेबल, स्टीकर, बोतल का ढक्कन एवं अन्य सामान बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर बताया गया कि आगामी दुर्गा पूजा के त्योहार में शराब की भारी मांग को देखते हुए यहां पर नकली अंग्रेजी शराब निर्माण की मिनी फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। जिसे ये दोनों अपने टेम्पो से नीमडीह एवं चांडिल थाना क्षेत्र में सप्लाई करते थे। उक्त नकली अंग्रेजी शराब निर्माण की मिनी फैक्ट्री को संचालित करने में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है।छापामारी दल में नीमडीह थाना प्रभारी अवर निरीक्षक संतन कुमार तिवारी, अवर निरीक्षक केशनाथ प्रसाद व दशरथ हेम्ब्रम, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार शुक्ला एवं टुना प्रसाद सिंह, आरक्षी बलराम महतो एवं आशीष पोद्दार के अलावा नीमडीह थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
जब्त सामग्रियों में : Mc Dowells No-1 Luxury लिखा हुआ 375 एमएल का नकली अंग्रेजी शाराब-112 बोतल, Mc Dowells No-1 Luxury लिखा हुआ 180 एमएल का नकली अंग्रेजी शाराब-125 बोतल, Iconiq White लिखा हुआ 375 एमएल का नकली अंग्रेजी शाराब-61 बोतल, Iconiq White लिखा हुआ 180 एमएल का नकली अंग्रेजी शाराब-160 बोतल, बजाज मैक्सिमा टेम्पु रजि. नं. JH05DU-1845, नीले रंग के ड्राम में करीब 100 लीटर स्प्रिट। शराब के बोतल पर चिपकाने वाला King’s Gold, Dream Girl, Royal Challenge, Me Dowells No-1 Luxury का लेबल, King’s Gold एवं Iconiq White लिखा हुआ अंग्रेजी शराब का ढक्कन करीब 100 पीस, शराब के बोतल पर चिपकाने वाला स्टीकर जिसमें झारखंड सरकार का लोगो एवं क्यूआर कोड बना हुआ है। एक लाल रंगा का छोटा ड्राम, एक ब्लू रंग का गैलन, दो सफेद रंग का गैलन, एक प्लास्टिक की बाल्टी, एक छनना जिसके उपर कपड़ा बंधा हुआ है।





