पटमदा के कुड़मियों ने गालूडीह स्टेशन में आयोजित रेल टेका आंदोलन में निभाई महत्वपूर्ण भागीदारी

Patamda: आदिवासी कुड़मी समाज के आह्वान पर शनिवार को सुबह करीब 7 बजे से गालूडीह स्टेशन एवं चंद्रपुरा रेलवे फाटक पर जुटे हजारों की संख्या में महिला -पुरुषों ने रेलवे की पटरियों पर लेट कर एवं बैठ कर प्रदर्शन किया और ट्रेनों को रोका। इसमें पटमदा, बोड़ाम एवं पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बांदोवान प्रखंड के विभिन्न गांवों से काफी संख्या में आंदोलनकारी पहुंचे और भूखे प्यासे प्रदर्शन किया।
शाम को 4 बजे के बाद आंदोलनकारियों के लिए दाल, भात और सब्जी की व्यवस्था संगठन की ओर से की गई और प्लेटफार्म पर एक साथ बैठकर ही सभी लोगों ने भोजन किया। आंदोलन का नेतृत्व हरमोहन महतो, जयराम महतो, शैलेन्द्र महतो फनी महतो एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी समेत अन्य लोग कर रहे थे। दूसरी ओर सुबह 6 बजे से ही पटमदा मुख्य सड़क पर प्रशासन की ओर से यात्री वाहनों को रोक देने एवं मजदूरों से भरी यात्री वाहनों को बेलटांड़ चौक से लौटा देने से दिन भर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाहर से आने वाले स्थानीय लोग रास्ते में ही फंस गए जबकि जरूरी काम से बाहर जाने वाले लोगों को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। हालांकि दिन भर क्षेत्र का माहौल शांतिपूर्ण रहा।





