डीलर की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों को उपायुक्त आश्वासन, होगी कार्रवाई
जिला पार्षद प्रभावती दत्ता के नेतृत्व में पहुंचे थे ग्रामीण
Patamda : जमशेदपुर प्रखंड की पलासबनी पंचायत अंतर्गत बेताकोचा के ग्रामीणों ने मंगलवार को राशन डीलर रमेश चंद्र सिंह के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को एक ज्ञापन सौंपकर समय पर राशन वितरण नहीं करने व राशन की मांग करने पर कार्डधारियों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायत की है।
जिला पार्षद प्रभावती दत्ता के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आवेदन पत्र में कहा कि जब कोई कार्डधारी डीलर से राशन मांगने जाते हैं तो कोई न कोई बहाना बनाकर डीलर वापस भेज देते हैं। जिन्हें राशन मिलता है, वजन में हेराफेरी करते हैं। डीलर महीने में सिर्फ 7 दिन ही दुकान खोलते हैं। जिसका समय सिर्फ 2 से तीन घंटे का है। ग्रामीणों ने आवेदन पत्र में कहा है कि डीलर कमजोर कार्डधारी को गाली गलौज व मारपीट भी करते हैं। डीलर के व्यवहार से आहत होकर कोई कार्डधारी अगर वरीय अधिकारियों से शिकायत करने की बात करते हैं तो डीलर द्वारा उनके राशन कार्ड को ही निरस्त करने की धमकी दी जाती है। डीलर कहते हैं कि आप लोग कहीं भी शिकायत करें मेरा कोई कुछ बिगाड़ नही सकता है। ग्रामीणों ने डीलर रमेश चंद्र सिंह का लाइसेंस रद्द करने की मांग करते हुए आसपास के अन्य डीलर से राशन दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन सौपने वालों में मुख्य रूप से पूर्व पार्षद पिंटू दत्ता, माधव गोराई, घासीराम सिंह, गुरुपद गोराई, कल्पना सिंह, प्रमिला सिंह, बिशखा सिंह, बासंती गोराई, भारती गोराई व रेखा गोराई आदि मौजूद थे।





