30 वर्षों से नहीं हुई सड़क की मरम्मत, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल, जिला पार्षद प्रभावती दत्ता ने सौंपा उपायुक्त को ज्ञापन
Jamshedpur : जमशेदपुर- 04 की जिला पार्षद प्रभावती दत्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र की कई जर्जर सड़कों की समस्याओं से अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता ने बताया कि जमशेदपुर प्रखंड के भिलाईपहाड़ी नेशनल हाइवे से भिलाईपहाड़ी गांव होते हुए डेमकाडीह, श्रीघुटु, पलासबनी, छोटाबांकी डैम रोड तक 5 किमी पक्की सड़क करीब 30 साल पहले बनी थी। आज उस रास्ते की हालत इतनी खराब है कि गाड़ी तो दूर पैदल चलने में भी बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
दूसरी ओर देवघर से बेलडीह टोला कांकीडीह, एदलबेड़ा होते हुए आरवीएस कॉलेज तक करीब ढाई किमी सड़क की हालत काफी दयनीय हो चुकी है। ग्रामीणों की ओर से दोनों सड़क की मरम्मत हेतु विभागीय अधिकारियों के सामने कई बार मांग करने के बावजूद आज तक किसी तरह कारवाई नहीं हुई है। इससे विभाग के प्रति गांव के लोग रोष प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनहित में दोनों सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द करवाने की मांग ग्रामीणों ने की है।





