चड़कपाथर में पागल कुत्ते ने दो बच्चों को काटा, गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को मार डाला
Patamda : पटमदा प्रखंड के चड़कपाथर गांव में रविवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक पागल कुत्ते ने गांव के दो बच्चों को काट लिया। परिजनों ने दोनों बच्चे को माचा सीएचसी में ले जाकर इलाज करवाया है। दोनों को एंटी रेबीज के टीके लगवाए गए। इस संबंध में चड़कपाथर निवासी सह झामुमो नेता समीर महतो ने बताया कि अंबुज महतो के बेटे शुभ महतो (8 वर्ष) घर के बाहर खेल रहे थे। इस दौरान एक कुत्ते ने उसपर हमला करते हुए काट लिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया।
इसके बाद भागते हुए दूसरी घटना को उसी कुत्ते ने अंजाम दिया जहां अपने घर के पिछवाड़े में खड़े 15 वर्षीय एक अन्य बच्चे मटू अंसारी (पिता शबराती अंसारी) को भी कुत्ते ने काट लिया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कुत्ते को लाठी से पीट-पीट कर मार डाला।





