जाल्ला गांव से लापता हुए बुजुर्ग किसान कंठीराम महतो का शव बरामद, शोक की लहर
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के जाल्ला गांव निवासी 63 वर्षीय लापता किसान कंठीराम महतो का शव सोमवार को सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने बरामद किया है। घटनास्थल उनके घर से करीब 9 किमी दूर लच्छीपुर पंचायत के चाड़रीकल गांव के पास है।
वह दो दिनों पूर्व अपने घर से खेत के लिए निकले थे और 11 बजे के बाद लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद पता नहीं चलने पर इसकी सूचना विभिन्न माध्यमों से प्रसारित की गई थी। लगातार प्रयास के बाद रविवार की शाम को चरवाहे से मिली सूचना के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनके शव को एक पेड़ पर लटकते देखा गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई पर होने एवं अंधेरे की वजह से पुष्टि नहीं हो पा रही थी। सोमवार को चाड़रीकल गांव स्थित डूंगरी जंगल में पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत ने एक पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलते कंठीराम के शव को उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
घटनास्थल पर परिजनों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत ने बताया कि कंठीराम महतो एक कृषक परिवार के मुखिया थे, जो बीते शनिवार सुबह खेत देखने के लिए घर से निकले थे और उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है जबकि परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन से किसान परिवार को उचित सहायता दिलाने की मांग की है।





