जोड़सा कुम्हार पाड़ा में ट्रांसफॉर्मर खराब, अंधेरे में 70 परिवार
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत जोड़सा कुम्हार पाड़ा में 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से 70 परिवार के लोग अंधेरे में रात गुजार रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा इस बात की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बिजली विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों को देने के बावजूद शुक्रवार की शाम तक मरम्मत नहीं हो पाई है। इस संबंध में उपभोक्ता विभाष चंद्र कुंभकार ने बताया कि बिजली गुल रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई में बुरा असर पड़ रहा है।
बारिश के कारण सांप बिच्छू का डर भी सता रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व दुर्गा पूजा के पहले भी ट्रांसफॉर्मर खराब हुआ था। विभाग द्वारा उसे बदलकर दूसरा ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया था। लेकिन उसी समय से लो वोल्टेज की शिकायत थी, विभाग ने ध्यान नहीं दिया इसलिए अब पूरी तरह से आपूर्ति ठप हो गई है।


