घाटशिला विधानसभा उपचुनाव: जयराम महतो ने रामदास के लिए झोंकी ताकत
Ghatshila: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो सह डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में अपने पार्टी प्रत्याशी रामदास मुर्मू को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को प्रचार अभियान की कमान संभालने के बाद देर रात तक गालूडीह थाना क्षेत्र की तीन पंचायतों के करीब एक दर्जन गांवों में नुक्कड़ सभा करते हुए लोगों से कैंची छाप पर वोट देने की अपील की। गालूडीह में ही रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को सुबह 9 बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बनाई एवं रात्रि 9 बजे तक 12 गांवों में सभाएं की जबकि देर रात तक इसकी संख्या 14 तक पूरा होने की संभावना है।
उन्होंने जगन्नाथपुर चौक में शहीद मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद हेंदलजुड़ी, आमडांगा, धमकबेड़ा, कालाझोर, राजाबासा, महतोडीह, बनकांटी, बांधडीह, कालचीती, बड़ाजुड़ी, मुड़ाकाटी, कालापाथर, हुरलुंग, गंधनिया व काड़ाडूबा में सभाएं की। इस दौरान उनके साथ प्रत्याशी रामदास मुर्मू, मोतीलाल महतो, नवीन महतो, तरुण महतो, सुब्रत महतो, रवि कुमार महतो व दीपक महतो आदि नेता मौजूद थे। इसके अलावा कई क्षेत्रों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेताओं ने अलग -अलग टीम बनाकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में प्रचार अभियान चलाया। इस संबंध में पार्टी के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी रामदास मुर्मू के पक्ष में क्षेत्र में सभी समुदायों के बीच जबरदस्त लहर है और जयराम दा की नुक्कड़ सभा में उमड़ रही भीड़ से कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि आदिवासी बहुल गांवों में भी व्यापक समर्थन मिल रहा है और क्षेत्र का विकास के लिए कैंची छाप पर वोट देंगे।





