समाजसेवी गदाधर माझी का हार्ट अटैक से निधन, शोक की लहर
गदाधर माझी (फाइल फोटो)
Patamda: पटमदा के खेड़ुआ टोला पलमा निवासी समाजसेवी सह टाटा स्टील फाउंडेशन के कर्मचारी गदाधर माझी (बास्के) का 57 वर्ष की उम्र में रविवार की रात करीब 12.20 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके एकमात्र पुत्र बिधान बास्के ने बताया कि लो प्रेशर की शिकायत पर उन्हें 29 नवंबर को टीएमएच में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह अपने पीछे पत्नी अनला बास्के, एक पुत्र व दो पुत्रियों को छोड़ चल बसे। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर क्षेत्र में शोक की लहर है।
वे विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी जुड़े रहे और क्षेत्र के कई युवाओं को विभिन्न सेवा क्षेत्रों में नौकरी दिलाने में मदद की। वह एक ट्यूटर के रूप में भी जाने जाते थे। पटमदा के बेलटांड़ चौक पर भी उनका मकान है और वहीं उनका ऑफिस चलता था। उन्होंने टाटा स्टील फाउंडेशन में रहते काफी लोगों को स्वरोजगार हेतु प्रेरित किया एवं मार्गदर्शन करते हुए उन्नति का मार्ग दिखाया। वह टाटा स्टील की सीएसआर संस्था टाटा स्टील रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी में 90 के दशक में जुड़े और शुरुआत में पशु चिकित्सक के रूप में सेवाएं दी बाद में उन्हें कृषि क्षेत्र में भी काम करने का मौका मिला। उनका कार्यक्षेत्र पटमदा, बोड़ाम के अलावा सरायकेला जिले के राजनगर आदि प्रखंड रहा। उनके आकस्मिक निधन पर टाटा स्टील फाउंडेशन के अधिकारी व कर्मचारियों के अलावा पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, लावा के ग्राम प्रधान बृंदावन दास, श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति लावा (बेलटांड़) के अध्यक्ष ईशान चंद्र गोप, महासचिव विजय कुमार मंडल व कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद मंडल एवं बुद्धिजीवी मंच पटमदा के अध्यक्ष गोपाल कुमार समेत काफी लोगों ने शोक व्यक्त किया है।





