कुल्टी से बिहार जा रही कार डिवाइडर से टकराई, हादसे में 3 की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल

Ranchi: बुधवार की अहले सुबह जीटी रोड स्थित गंगाटाही (पंचमाधव) पुल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पश्चिम बंगाल के कुल्टी से बिहार जा रही स्विफ्ट डिज़ायर कार (डब्ल्यू बी 44ए 0415) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। हादसा सुबह 7:20 बजे हुआ। इसमें मौके पर ही 3 यात्री की मौत हो गई जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पिकअप वैन से बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपाधीक्षक डॉ. प्रकाश ज्ञानी और डॉ. विक्रम कुमार की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायलों में :
ज्योति कुमारी (24), सुभाष यादव (6), धर्मेंद्र यादव, अभिराज कुमार (10), मृत्युंजय यादव, जय भगवान कुमार (8), शिवम यादव (10), कौशल्या देवी, अंशिका कुमारी (उम्र उल्लेखित नहीं) शामिल हैं इनमें से कई घायलों की स्थिति नाजुक है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे की सूचना पर एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और थाना प्रभारी बिनोद कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने निरीक्षण कर दुर्घटना के संभावित कारणों की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज आवाजाही रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।





