झामुमो नेता पिंटू दत्ता का बड़ा आरोप दुलाल भुईयां पर दर्ज अधिकांश केस आपराधिक, केस हिस्ट्री सार्वजनिक करने की चुनौती
Jamshedpur: हाइकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन के सहयोग से जुस्को द्वारा भुईयांडीह में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर दर्जनों मकानों को तोड़े जाने के बाद उठे राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में गरीब एवं पीड़ितों के समर्थन में खुलकर आंदोलन पर उतरे पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने एक ओर जहां इसके लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ अपशब्द तक कह डाला। वहीं उसपर पलटवार करते हुए झामुमो नेता मोहन कर्मकार, प्रमोद लाल, बाघराय मार्डी एवं पिंटू दत्ता ने भी दुलाल भुईयां को कई तरह की संज्ञा दे डाली। दुलाल भुईयां ने मोहन कर्मकार व प्रमोद लाल को कभी उनके पीछे – पीछे चलने वाला एवं जनाधार विहीन तथा बाघराय मार्डी को बच्चा करार देते हुए तीखा हमला बोला।
वहीं बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर झामुमो की ओर से पूर्व जिला पार्षद सह झामुमो संयोजक मंडली के सदस्य पिंटू दत्ता ने दुलाल भुईयां को चुनौती दे डाली। दत्ता ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि खुद को झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंड आंदोलन में 30 केस खाने की बात करने वाले दुलाल भुईयां में अगर हिम्मत है तो अपने केस हिस्ट्री को सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि दरअसल दुलाल भुईयां का झारखंड आंदोलनकार से जुड़ा 2 या 3 ही मामला दर्ज है जबकि बाकी 27 से 28 केस छिनतई, मर्डर, रंगदारी, मारपीट का है। अगर उनका आरोप झूठ लग रहा है तो प्रत्येक केस को धाराओं सहित सार्वजनिक करें, सच उजागर हो जाएगा।





