पटमदा लैम्पस में विधायक प्रतिनिधि ने किया धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन
एक सप्ताह के अंदर भुगतान का आश्वासन, पहले दिन 40 क्विंटल धान की हुई खरीदारी
Patamda : किसानों से धान खरीदने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पटमदा प्रखंड के किसानों के लिए पटमदा, गोबरघुसी व बांगुड़दा एवं बोड़ाम प्रखंड के लिए बोड़ाम लैम्पस को धान अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को पटमदा प्रखंड परिसर स्थित पटमदा लैम्पस लिमिटेड में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के पटमदा प्रखंड प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने जिला सहकारिता पदाधिकारी जुल्फकार अंसारी, सीओ सह एमओ डॉ. राजेन्द्र कुमार दास की उपस्थिति में फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस संबंध में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाईज कारपोरेशन लिमिटेड विभिन्न लैम्पस के माध्यम से किसानों से धान खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में किसानों से धान खरीदने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। उन्होंने बताया कि एक किसान से अधिकतम 200 क्विंटल तक ही धान खरीदी जाएगी। एक सप्ताह के अंदर धान की राशि किसानों को बैंक खाता के माध्यम से भेज दी जाएगी। निबंधित किसानों को अधिप्राप्ति केंद्र में धान बेचने के लिए एसएमएस या फोन के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने किसानों को लैम्पस में ही धान बेचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान बिचौलियों से सावधान रहें और अपने नजदीकी केंद्र में ही धान की बिक्री करें। पटमदा लैम्पस में 755 किसानों का निबंधन है। उद्घाटन होने के साथ ही बिड़रा निवासी किसान शुभेंदु महतो ने 40 क्विंटल धान अधिप्राप्ति केंद्र में बेचा। इस दौरान झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, सिजेन हेम्ब्रम, बेनी माधव दत्त, सचिव रामपद महतो, अनिल महतो, जगदीश महतो, सुजय महतो, राहुल महतो, माणिक महतो व संजय महतो आदि लोग उपस्थित थे।





