आरके कोचिंग सेंटर में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित, सफल प्रतिभागी पुरस्कृत
Patamda: पटमदा के रांगाटांड़ स्थित आरके कोचिंग सेंटर में गुरुवार को वीर शहीद निर्मल महतो की जयंती के मौके पर बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान सफल प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया। अतिथि के रूप में गाड़ीग्राम प्रावि के शिक्षक मिहिर कुमार प्रमाणिक व ग्राम प्रधान सुनील कुमार महतो मौजूद थे। म्यूजिकल चेयर में नंदनी प्रथम, रेखा रानी महतो द्वितीय एवं सेफाली बास्के तृतीय। गणित दौड़ में प्रीतिलता बास्के प्रथम, काजल महतो द्वितीय एवं जीतेंद्र प्रमाणिक तृतीय। हांडी फोड़ बालक वर्ग में राहुल महतो प्रथम, उज्ज्वल महतो द्वितीय एवं सौरभ महतो तृतीय। हांडी फोड़ बालिका वर्ग में प्रीतिलता बास्के प्रथम व द्वितीय स्थान अहिल्या सिंह ने प्राप्त किया।
ग्राम प्रधान सुनील कुमार महतो ने कहा कि शहरों में जहां शिक्षा महंगी हो चुकी है और गरीब परिवार के अभिभावकों के लिए फीस भरना मुश्किल हो गया है, वहीं हमारे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए शिक्षक रवींद्र नाथ प्रमाणिक की भूमिका प्रशंसनीय है।
मिहिर कुमार प्रमाणिक ने कहा कि शिक्षक सरकारी हो या गैर सरकारी समाज में दोनों का ही बहुत अधिक महत्व है जो बच्चों को सही रास्ता दिखाने का काम करते हैं। समाज में शिक्षकों का सम्मान सबसे अधिक और स्थान सबसे ऊपर माना जाता है। उन्होंने सभी सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य सभी बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भले ही वर्तमान में शिक्षा व्यवसाय का रूप ले चुकी है लेकिन गरीब प्रतिभावान बच्चों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं करियर निर्माण में बहुत मददगार साबित हो रही हैं। शिक्षा ऐसा माध्यम है जिससे परिवर्तन और तरक्की दोनों ही संभव है। कार्यक्रम में काफी संख्या में अभिभावक भी मौजूद थे।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही कोचिंग सेंटर के संचालक रवींद्र नाथ प्रमाणिक ने कहा कि वे मामूली फीस लेकर ग्रामीण बच्चों को शिक्षा दान करते हैं और गरीब बच्चों को मुफ्त में शिक्षा दी जाती है। उन्होंने कहा है पैसे के अभाव में कोई भी गरीब बच्चे शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगे।





