पटमदा बस्ती में 7 महीने से चापाकल व जलमीनार खराब, लोग परेशान
Patamda : पटमदा प्रखंड मुख्यालय से करीब 2 किमी दूर बस्ती पटमदा में पिछले सात महीने से सोलर संचालित जलमीनार एवं चापाकल खराब रहने से बस्ती के 30 परिवार के लोग प्रभावित हैं। खासकर महिलाएं दूसरे के घरों या दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक महिलाएं खाली बर्तन के साथ जलमीनार के सामने प्रदर्शन करते हुए विभाग के प्रति विरोध जताया एवं जलमीनार व चापाकल मरम्मत करवाने की मांग की है।
इस संबंध में बस्ती निवासी अंजना महतो, ममता महतो, सुनीता महतो, पद्मा प्रमाणिक, सरला प्रमाणिक, सस्ता प्रमाणिक व सुंदरा महतो ने बताया कि बस्ती में एक चापाकल व जलमीनार दोनों ही पिछले सात महीने से खराब है। सबसे ज्यादा दिक्कत किसी पर्व त्योहार के समय होती है। महीने भर चलने वाला टुसू का त्योहार नजदीक है। बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से मामले की जानकारी मिलने के बाद मैंने विभाग के जेई को मरम्मत करवाने का निर्देश दिया है। बहुत जल्द जलमीनार व चापाकल को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।





