विधायक सोमेश ने गुड़ाबांदा प्रखंड का दौरा किया, कई योजनाओं का हुआ भूमि पूजन
Gurabanda: सोमवार को गुड़ाबांदा प्रखंड के दौरे पर पहुंचे घाटशिला के झामुमो विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने कई योजनाओं का भूमि पूजन किया। दौरे के क्रम में विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत अंतर्गत मुढ़ाकाटी में विद्यालय भवन चहारदीवारी का निर्माण, माछभांडार में सामुदायिक भवन, आसनबनी में सामुदायिक भवन, जाहेरथान की घेराबंदी, कन्यालूका में पीसीसी पथ निर्माण और भालकी में पूर्व विधायक स्व. टीकाराम मांझी स्मारक निर्माण आदि योजनाओं का भूमिपूजन नारियल फोड़कर किया।
विधायक ने सुंड़गी के किसानों से खेती के लिए होने वाली समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने विधायक से सिंचाई को जरूरी कैनल का पानी उपलब्ध कराने के लिए जरूरी पहल करने का अनुरोध किया। विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि खेती के लिए पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी और हर संभव प्रयास किया जाएगा। कुछ ग्रामीणों ने मुसाबनी में पथ निर्माण विभाग की सड़क से कन्यालुका, भालकी, मुढ़ाठाकरा होते हुए सिंहपुरा तक 25 किलोमीटर सड़क के निर्माण की मांग की। विधायक ने बताया कि मुसाबनी से सिंहपुरा तक सड़क की चौड़ीकरण सह सुदृढ़ीकरण का कार्य कराने के लिए प्रयासरत हैं। जल्द ही सड़क का निर्माण किया जायेगा। दौरे के क्रम में उनके साथ झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सुराई टुडू, उपाध्यक्ष भोगन मुर्मू, कालीपद गोराई, विमल कर्मकार, राम कर्मकार व डिबा हांसदा आदि मौजूद थे।





