रांगाटांड़ में शॉर्ट सर्किट से पुआल के ढेर में लगी आग, हजारों की संपत्ति खाक
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगाटांड़ गांव में बुधवार की शाम करीब 4 बजे किसान रथू महतो के खलिहान स्थित पुआल के ढेर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण सारा पुआल जल कर राख हो गया। देखते ही देखते पड़ोस के शंभू महतो के खलिहान में भी आग की लपटें पहुंची और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने मदद करते हुए दो नल के पानी से आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग धधकती रही। मौके पर पहुंचे युवा नेता प्रताप महतो ने अफ़रा- तफरी में पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत को सूचित किया।
जिला पार्षद एवं प्रशासन की पहल पर शाम 6 बजे पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया और आसपास के घरों को जलने से बचा लिया। रात 8 बजे तक रथू महतो एवं शंभू महतो के खलिहान में रखा करीब 4 ट्रैक्टर पुआल जल कर राख हो गया। इससे दोनों किसानों को हजारों की संपत्ति का नुकसान हुआ। मौके पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के युवा नेता प्रताप महतो, शिवशंकर महतो, भोलानाथ कर्मकार, दुर्योधन कर्मकार, विकास कर्मकार, रामू महतो, सुमन महतो, भक्त रंजन महतो, फेस्कु महतो, शंभू , सुभाष, एवं गांव की महिलाओं ने सराहनीय भूमिका निभाई।





