पटमदा सीएचसी में स्वास्थ्य मेला का आयोजन, मंगल कालिंदी ने कहा : विधायक निधि से जल्द दी जाएगी एक्सरे मशीन

Patamda: पटमदा प्रखंड के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुधवार को स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मंगल कालिंदी शामिल हुए। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, उप प्रमुख श्रीदेवी माझी, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, स्वास्थ्य कर्मी एवं सहिया आदि मौजूद थे। विधायक मंगल कालिंदी ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार की बीमारियों से पीड़ित लोगों की सुविधा हेतु इस तरह के स्वास्थ्य शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग झारखंड सरकार की ओर से किया जा रहा है। शिविर में लोगों को चिकित्सीय सलाह भी मिलती है।
उन्होंने मरीजों की सुविधा हेतु विधायक निधि से सीएचसी में एक अत्याधुनिक एक्सरे मशीन देने की घोषणा की। विधायक ने लोगों को ठंड से बचने की सलाह देते हुए बेवजह घर से नहीं निकलने की सलाह भी दी। मौके पर विधायक के हाथों कुछ बच्चों के मुंह जूठी की रस्म निभाई गई। वहीं नवदंपत्तियों को वस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शिविर में सर्दी, खासी, बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित करीब 300 लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां दी गई। शिविर में सीएचसी के डॉ. आरती पांडेय, डॉ. प्रशांत रंजन, डॉ. मोहम्मद शाहबाज खान व डॉ. दीक्षा सिंघल ने मरीजों की जांच की।





