अनियंत्रित कार ने मजदूरों से भरी मैजिक वैन को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने की कार सवारों की धुनाई

Patamda: टाटा – पटमदा मुख्य सड़क के बीच ठनठनी घाटी में पटमदा से जमशेदपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने मजदूरों से भरी मैजिक वैन को टक्कर मार दी। मैजिक वैन जमशेदपुर से मजदूरों को लेकर पटमदा लौट रही थी।

इस घटना में दोनों ही वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में जानमाल की हानि नहीं हुई है। इसके तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचे राहगीरों एवं मैजिक वैन पर सवार मजदूरों ने कार सवार 4 लोगों की जमकर पिटाई कर दी। लोगों का आरोप है कि कार पर सवार चालक समेत सभी लोग नशे में धुत थे और उनकी कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। सूचना पाकर पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने कार सवारों को बचा लिया अन्यथा परिणाम कुछ भी हो सकता था। भीड़ की पिटाई से बचने के लिए दो व्यक्ति बगल में खड़े एक ट्रक के अंदर छिपकर जान बचाई। इस घटना में कुछ महिला मजदूर भी घायल हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और घायल कार सवारों एवं मजदूरों को इलाज हेतु पटमदा सीएचसी भेज दिया है। घटना रविवार को शाम करीब 7 बजे हुई और ठनठनी घाटी में सिमल पेड़ के पास टर्निंग प्वाइंट पर गलत दिशा में जाकर कार ने टक्कर मारी। कार सवार लोग पिकनिक मनाकर लौट रहे थे जो जमशेदपुर के गोविंदपुर निवासी हैं।





