तीन सीमाना टुसू मेला में उमड़ी भीड़, लच्छीपुर की टुसू को मिला पहला पुरस्कार

Patamda: पटमदा प्रखंड के चौरास्ता मोड़ (तीन सीमाना मोड़) में शुक्रवार को चौरास्ता मोड़ टुसू मेला कमेटी की ओर से हर साल की भांति इस साल भी एक दिवसीय विशाल टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेला में लोक संस्कृति के प्रति लोगों का काफी आकर्षण देखा गया। विभिन्न गांवों से एक दर्जन छोटी-बड़ी टुसू प्रतिमाएं लेकर महिलाएं पहुंची थीं। पारंपरिक टुसू गीतों पर युवक-युवतियों ने जमकर नृत्य किया। नाच गानों का दौर देर शाम तक चलता रहा।
यहां लच्छीपुर गांव की टुसू प्रतिमा को पहला पुरस्कार के रूप में 3 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार नहचीबेड़ा को 2 हजार व तीसरे स्थान पर आगुईडांगरा को डेढ़ हजार व चौथा पुरस्कार बेंझाम को एक हजार का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान झाड़ग्राम जिले से आई वनलता झुमुर टीम के द्वारा मनमोहक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। देर शाम तक चले कार्यक्रम में कलाकारों ने दर्शकों को खूब झुमाया। अतिथि के रूप में मौजूद जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां हर वर्ष मेले में शामिल सभी समुदाय के लोग शांतिपूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाते हैं। इसके लिए कमेटी के साथ – साथ दर्शक भी धन्यवाद के पात्र हैं। मेला कमेटी के सचिव सह विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि इस वर्ष मेला प्रेमियों की सुविधा के मद्देनजर खास व्यवस्था की गई है ताकि लोग कार्यक्रम का आनंद उठा सके। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारी झारखंडी संस्कृति समृद्धशाली है वैसे ही हमारे दर्शक भी अनुशासित हैं। इसलिए यहां किसी तरह के वॉलेंटियर की जरूरत नहीं पड़ती है। उन्होंने सभी को मकर संक्रांति एवं टुसू पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और भी बेहतर आयोजन करने का वादा किया।
मौके पर नेता सुभाष कर्मकार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, मेला कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु महतो, पूर्व अध्यक्ष डॉ. माधव चंद्र महतो, नरेन सिंह, हरिपद सोरेन, संतोष बास्के, रामकृष्ण बास्के, सुधीर टुडू, फूलचांद महतो व दिवाकर टुडू आदि उपस्थित थे।





