बंगाल से चोरी कर बेलटांड़ बाजार में बेचने के क्रम में पकड़ाए दो मुर्गा चोर
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के बेलटांड़ बाजार में रविवार को सुबह करीब 10.30 बजे चोरी का मुर्गा बेचते रंगेहाथ दो व्यक्ति पकड़े गए जो बंगाल निवासी बताए जाते हैं। हालांकि दोपहर तक मुर्गा मालिक द्वारा थाने में लिखित शिकायत नहीं की गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के बांदोवान थाना क्षेत्र में आयोजित एक टुसू मेला से शनिवार को 3 लोगों के 3 लड़ाकू मुर्गों की चोरी कर ली गई थी। जिसके बाद मुर्गे के मालिकों ने साप्ताहिक हाट पहुंचकर अपने मुर्गों की खोजबीन शुरू की। चोरी कर लाए गए तीन में से एक लड़ाकू मुर्गा को बेचने के क्रम में मुर्गा के मालिक की निशानदेही पर स्थानीय लोगों द्वारा 2 आरोपियों को पकड़ लिया गया। जबकि इस गिरोह के 3 अन्य सदस्य भाग निकले।
सूत्रों के मुताबिक टुसू मेला के मद्देनजर रविवार को पटमदा के बेलटांड़ स्थित साप्ताहिक हाट में लड़ाकू मुर्गों की खूब खरीद बिक्री हुई। यहां के स्थानीय निवासी असित प्रमाणिक जैसे ही एक मुर्गा को 2300 रुपए में खरीदकर अपने घर जाने लगे तो बगल में मौजूद बंगाल निवासी मुर्गा मालिक ने इसे अपना मुर्गा बताते हुए लौटाने की मांग करने लगे। जब उन्हें बताया गया कि यह खरीदा हुआ है तब हाट में ही मौजूद बेचने वाले दोनों को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताते हैं कि मुर्गा मालिक पारगेला गांव का निवासी है जबकि चोरी के दोनों आरोपी उनके नजदीकी गांव कांसबहाल का है। बेलटांड़ चौक में चोरी का मुर्गा पकड़ाने की सूचना पर काफी संख्या में लोग पहुंचे और ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों के हवाले कर दिया गया। मौके पर मौजूद झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने बताया कि दोनों मुर्गा चोर को पटमदा थाना ले जाया गया और पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही है।
फोटो: प्रतीकात्मक





