युवा ज्ञान समागम : राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में केयू के विद्यार्थियों को तीसरा स्थान
Jamshedpur: झारखंड राज्य युवा आयोग द्वारा युवा ज्ञान समागम 2025–26 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय वाद–विवाद प्रतियोगिता में कोल्हान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। मानव घोष एवं ऋचा प्रजापति ने तृतीय पुरस्कार जीतकर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहां वे अपने ज्ञान, तर्कशक्ति, विचारों की स्पष्टता एवं नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकें।
इसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव सिंह, कई गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि एवं युवा प्रतिभागियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विषय की गहन समझ, तार्किक प्रस्तुति और प्रभावी वक्तृत्व से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रांची युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव द्वारा विजेता विद्यार्थियों को 25 हजार की प्रोत्साहन राशि तथा मोमेंटो प्रदान की गई। कोल्हान विश्वविद्यालय की इस टीम का प्रतिनिधित्व एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की एनएसएस पीओ डॉ. दीपिका भारती ने किया। यह सफलता कोल्हान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत का सशक्त रूप है।






























