पटमदा के हुरूम्बिल में भानसिंह पूजा पर टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, उमड़े लोग

Patamda: भानसिंह पूजा के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पटमदा के हुरूम्बिल गांव में बुधवार को ग्राम प्रधान सह लाया परीक्षित महतो ने जाहेरथान में विधिवत पूजा कार्यक्रम संपन्न कराई। इसमें पूरे गांव के सैकड़ों परिवारों ने सुबह से दोपहर तक पंक्तिबद्ध होकर अपने इष्टदेव की आराधना की। मन्नतें पूरी होने पर विभिन्न परिवार के लोगों ने 25 बकरों एवं 100 से अधिक बत्तख व मुर्गों की बलि चढ़ाई गई। प्रत्येक घरों में पहुंचे मेहमानों के साथ लोगों ने देर शाम तक प्रसाद ग्रहण किया।

इस संबंध में ग्राम प्रधान परीक्षित महतो एवं युवा समाजसेवी फटीक महतो ने बताया कि इस अवसर पर गांव के अधिकांश परिवार में बेटी – दामाद जरूर आते हैं जिन्हें साल में एक बार वस्त्र देने की भी परंपरा है क्योंकि कुड़मी बहुल इस गांव में बेटियां दुर्गा पूजा, दीपावली या अन्य कोई पर्व त्योहारों में नहीं बल्कि भानसिंह पूजा एवं टुसू पर्व के मौके पर पहुंचते हैं। इसलिए गांव के प्रत्येक परिवार में कम से कम 10 हजार का खर्च आता है और इसकी तैयारी अधिकांश परिवार के लोग धान या अन्य फसलों की बिक्री से करते हैं। जबकि कुछ परिवार के युवकों के द्वारा साल भर विभिन्न राज्यों में मजदूरी करके व्यवस्था की जाती है।
इस वर्ष भी दो अलग -अलग जगहों पर टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नामो पाड़ा में आयोजित मेला का नेतृत्व भाजपा नेता प्रदीप कुमार महतो जबकि ऊपर पाड़ा मेला का नेतृत्व झामुमो नेता आनंदमय महतो करते हैं। ऊपर पाड़ा में इस बार मुर्गा पाड़ा, झुमुर संगीत एवं विचित्रानुष्ठान आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें काफी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन में आनंदमय महतो, फ़टीक महतो, बहादुर महतो, रंजीत महतो, निर्मल सिंह, अर्जुन महतो, सरोज महतो, सुनील कर्मकार एवं भान सिंह महतो आदि ने सक्रिय योगदान दिया। जबकि नामोपाड़ा मेला कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में टुसू मेला, मुर्गा पाड़ा, झुमुर संगीत, बूगी बूगी डांस एवं पुरुलिया के मशहूर गायक कलाकार शंकर तंतुबाई एंड टीम का झुमुर गीत व नृत्य का प्रदर्शन हुआ। इसमें प्रदीप कुमार महतो, ग्राम प्रधान परीक्षित महतो, साहेब राम गोप, कृपा सिंधु महतो, मुरारी मोहन पाल, तपन देव महतो, सुधीर महतो, प्रभाकर महतो एवं नीलकमल महतो आदि सक्रिय रहे। यहां दोनों ही मेला परिसर में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। टुसू मेला में पहला पुरस्कार मोहनपुर टुसू दल को 10 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार बारीकुल, बांकुड़ा के टुसू दल को 7 हजार रुपए व तृतीय पुरस्कार भालू , पश्चिम बंगाल टुसू दल को 5 हजार रुपए देकर कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया गया।






























