पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला में दीक्षांत समारोह शुरू
Patamda: पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला में गुरुवार को दीक्षांत समारोह का शुभारंभ दोपहर 1 बजे जुगसलाई विधायक सह शासी निकाय के अध्यक्ष मंगल कालिंदी एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मौके पर स्वागत भाषण देते हुए सचिव चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि यह पहला दीक्षांत समारोह है कॉलेज का। इसमें 2018- 21, 2019- 22 एवं 2020- 23 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान की जाएगी। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस कॉलेज के निरंतर प्रगति के लिए वे अध्यक्ष के साथ लगातार प्रयासरत हैं और भविष्य में पीजी और बीएड की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर तैयारी चल रही है। उन्होंने कॉलेज को नैक से मिली बी ग्रेड की मान्यता को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताई। इस दौरान कुलसचिव ने विधायक को कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य का सर्टिफिकेट सौंपा और बधाई दी।
मौके पर कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य स्व प्रफुल्ल कुमार महतो की धर्मपत्नी चित्रा महतो, पूर्व प्राचार्य डॉ. सुमंत कुमार सेन, प्राचार्य कृष्णपद महतो, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, बैंक ऑफ इंडिया पटमदा की शाखा प्रबंधक अनुपम कुमारी, जमींदाता विभूति भूषण महतो, सुनील वरण महतो, पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला के सचिव विश्वनाथ सिंह सरदार, प्राचार्य अरुण कुमार, समाजसेवी ईशान चंद्र गोप, कर्मू गोप एवं सुभाष कर्मकार के अलावा सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद हैं। इस दौरान छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य की प्रस्तुति दी गई।





