पटमदा में पूजा कर मंदिर से लौट रही महिला को बाइक ने मारी टक्कर, एमजीएम रेफर

Patamda: झारखंड ग्रामीण बैंक की पटमदा शाखा के पास रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे हुई सड़क दुघर्टना में एक महिला घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पटमदा के लोवाडीह गांव निवासी तीन महिलाएं महाशिवरात्रि के मौके पर पटमदा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने आई थीं। पूजा के बाद पैदल ही अपने घर लौटते वक्त विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने एक महिला सनका महतो को अपनी चपेट में ले लिया।
बाइक चालक युवक नूतनडीह निवासी गिर गया और गंभीर होने का अभिनय करने लगा। जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और इस घटना में उनकी एक अंगुली कट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस द्वारा युवक को आवाज लगाते ही वह सीधा खड़ा हुआ और पुलिस वाहन में सवार होकर इलाज हेतु माचा स्थित सीएचसी अस्पताल चला गया। घटना में महिला की एक अंगुली कट जाने के बाद वह दर्द से कराह रही थी, पुलिस द्वारा उनका अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर करवा दिया गया है।





