नाबालिग बच्चों के हाथ में बाइक, लावा में बाइक से गिरकर चार मैट्रिक परीक्षार्थी घायल
Patamda: अभिभावकों की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। नाबालिग छात्रों के हाथ में बाइक थमाने का परिणाम मंगलवार को सड़क दुघर्टना के रूप में सामने आया। पटमदा मुख्य सड़क पर लावा रामकृष्ण मंदिर के समीप दोपहर करीब 1 बजे हुई दुर्घटना में चार मैट्रिक परीक्षार्थी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गोबरघुसी में बने परीक्षा केंद्र में चारों छात्र परीक्षा देकर बेलटांड़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान लाल बांध के पास तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी एक बाइक सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। एक बाइक की टक्कर होते ही दोनों बाइक असंतुलित होकर गिर गईं और सवार विद्यार्थी सड़क पर जा गिरे।
दुर्घटना में घायल विद्यार्थियों में लच्छीपुर पंचायत के बानतोड़िया निवासी सागु हांसदा (16), फुलदा सोरेन (16), सागेन हांसदा (16) और राजेश टुडू (17) शामिल हैं। सभी के पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को माचा सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। बताते हैं कि जिस कार से टक्कर हुई, वह जमशेदपुर निवासी लकड़ी व्यवसायी आशीष मिश्रा की है। कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक और कार को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह दुर्घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति क्यों दी जा रही है।





