बोड़ाम में फिर खस्सी चोरी, ग्रामीण आक्रोशित
Patamda: बोड़ाम थाना से महज एक किमी दूर बोड़ाम बाजार स्थित एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 2 खस्सी (बकरी) की चोरी कर ली। इससे पशुपालक संतोष महतो को 30 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि उस घर में कुल 8 बकरियां थीं जिनमें से सिर्फ 2 की चोरी हो चुकी है। घटना को मंगलवार की रात्रि साढ़े 10 बजे से 2 बजे के बीच अंजाम दिया गया है। इसकी जानकारी 2 बजे के बाद संतोष महतो को मिली। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत के साथ -साथ आक्रोश है।
अब तक हुई कई घटनाओं से पशुपालकों को काफी नुकसान हुआ है और अधिकांश मामलों में खुलासा नहीं होने या आरोपियों के नहीं पकड़ाने पर चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है और पुलिस को खुली चुनौती देने लगे हैं। हालांकि बोड़ाम पुलिस चोरी के कई आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जेल भी भेज चुकी है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि युवा वर्ग में बढ़ती नशाखोरी की वजह से चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है और इसमें बाहर या शहर के ही किसी गिरोह का हाथ हो सकता है। अगर समय रहते आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो चाकुलिया जैसी घटना भी हो सकती है। क्योंकि बकरी पालन करने वाले लोगों के लिए यह व्यवसाय एटीएम की तरह है और लोग विपरीत परिस्थितियों में इसे तुरंत बेचकर अपना जरूरी काम करते हैं। इसलिए उन बकरियों की चोरी होने से लोग काफी आक्रोशित हो जाते हैं।





