सिविल सेवा की परीक्षा में उम्र सीमा में छूट का मुद्दा विधानसभा में उठने पर बढ़ी संशोधन की उम्मीद : उज्ज्वल कुमार
Jamshedpur: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी ) द्वारा निर्धारित 1 अगस्त की कट-ऑफ डेट को लेकर राज्यभर के अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा में विधायक जयराम महतो द्वारा उठाए जाने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। गौरतलब है कि इस कट-ऑफ डेट का सबसे पहले विरोध कोल्हान प्रमंडल संगठन सचिव, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) उज्ज्वल कुमार महतो द्वारा किया गया था। उन्होंने इसे झारखंड के युवाओं के साथ अन्याय बताते हुए कट-ऑफ डेट बढ़ाने की मांग उठाई थी। इसके पश्चात सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र महतो ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और कट-ऑफ डेट में संशोधन की मांग की, ताकि अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके।
उज्ज्वल कुमार महतो ने कहा कि 1 अगस्त की तिथि के कारण कई योग्य अभ्यर्थी थोड़े से अंतर से परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो रहे हैं, जो उनके भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार और झारखंड लोक सेवा आयोग से इस तिथि पर पुनर्विचार करने और युवाओं के हित में न्यायसंगत निर्णय लेने की अपील की। अब जब यह मामला विधानसभा तक पहुंच चुका है और विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भी आवाज उठाई जा रही है, तो अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगी।





