मंगल कालिंदी ने उठाई पटमदा डिग्री कॉलेज को सरकारीकरण करने की मांग
Patamda: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पटमदा प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में अवस्थित स्थाई संबंधता प्राप्त, झारखंड सरकार से अनुदानित एकमात्र डिग्री कॉलेज के सरकारीकरण करने की मांग शुक्रवार को बजट सत्र के दौरान जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने उठाई। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में मांग उठाए जाने पर पटमदा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोगों ने विधायक का आभार प्रकट किया है। गौरतलब हो कि इस पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला की स्थापना 1993 में पटमदा और बोड़ाम के बुद्धिजीवियों ने मिलकर उच्च शिक्षा विशेषकर महिला शिक्षा को ध्यान में रखते हुए की थी।
32 वर्षों के लंबे संघर्षों के बाद शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के साथ- साथ इस इलाके के आदिवासी, हरिजन एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के निर्धन छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के मन में उम्मीद जगी है कि कॉलेज का सरकारीकरण हो जाने से इसका फायदा क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा। इससे कॉलेज में स्नातकोत्तर एवं स्नातक प्रशिक्षण की पढ़ाई भी शुरू हो सकेगी। वर्तमान में इस कॉलेज में मानविकी, समाज विज्ञान एवं विज्ञान संकाय में कुल 17 विषयों में ऑनर्स के साथ पठन -पाठन हो रही हैं। कॉलेज को नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रीडिटेशन काउंसिल (नेक), बेंगलुरु की ओर से “बी” ग्रेड प्राप्त है,ऑल इंडिया सर्वे का हायर एजुकेशन, नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क, झारखंड स्टेट हायर एजुकेशन सर्वे, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग नई दिल्ली की ओर से 2(एफ) में पंजीकृत है।






























