पुलिस की निष्क्रियता पर सीओ सख्त: खुद मैदान में उतरे, पटमदा हाट में हब्बा-डब्बा और अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, हड़कंप
Patamda: पटमदा थाना के सामने प्रत्येक सोमवार को लगने वाली साप्ताहिक हाट में चल रहे हब्बा-डब्बा, लॉटरी, जुआ और महुआ शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रशासन को अंततः खुद मोर्चा संभालना पड़ा। अंचलाधिकारी (सीओ) के मौखिक निर्देश के बावजूद जब पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो सोमवार दोपहर अंचल निरीक्षक (सीआई) के नेतृत्व में गठित टीम ने बाजार में छापेमारी कर इन गतिविधियों पर रोक लगाई। कार्रवाई के दौरान जब्त की गई सामग्री को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटमदा थाना को सौंप दिया गया।
अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि स्थानीय लोगों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि साप्ताहिक हाट में हब्बा-डब्बा, जुआ, लॉटरी और महुआ शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है, जो सामाजिक रूप से घातक साबित हो रही है। शिकायत के आधार पर उन्होंने कुछ दिन पहले औचक निरीक्षण किया था, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद कार्रवाई के लिए थाना को मौखिक निर्देश दिया गया था, लेकिन थाना प्रभारी की ओर से कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता से ऐसा प्रतीत होता है कि इन अवैध गतिविधियों को कहीं न कहीं संरक्षण मिल रहा है। इसी कारण मजबूर होकर प्रशासन ने स्वयं कार्रवाई करने का निर्णय लिया, ताकि आगामी ईद और रामनवमी के दौरान क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे। सीओ के निर्देश पर नवनियुक्त अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा के नेतृत्व में चौकीदारों की एक टीम गठित की गई है। यह टीम अगले आदेश तक प्रत्येक सोमवार को दो घंटे के लिए बाजार क्षेत्र में तैनात रहेगी, ताकि हाट में चल रही इस कुव्यवस्था को जड़ से समाप्त किया जा सके। सोमवार को दोपहर में हुई कार्रवाई के दौरान हब्बा-डब्बा, जुआ और लॉटरी संचालकों से संबंधित सामान जब्त किया गया और थाना प्रभारी को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया। अब देखना यह है कि थाना की ओर से इस मामले में विधि सम्मत कार्रवाई होती है या नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि साप्ताहिक बाजार में लोग घर का सामान खरीदने आते हैं, लेकिन यहां जुआ और शराब का माहौल बनने से कई लोग इसके चक्कर में पड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बिगाड़ रहे हैं। कार्रवाई में अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा के साथ चौकीदार सुरेश हांसदा, सनातन सिंह, परी सिंह, ताप्ती महतो, सीमा महतो और सम्पा महतो शामिल थे। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है और लोग प्रशासन की इस कार्रवाई की प्रशंसा कर रहे हैं।





