पटमदा में महिला शक्ति का सम्मान : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टीएसआरडी का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

Patamda : टैगोर सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट (टीएसआरडी) पटमदा की ओर से मंगलवार को माचा स्थित प्रोजेक्ट कार्यालय परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नाबार्ड, फोर्ड तथा कॉमन ग्राउंड का सहयोग रहा।कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा एवं खगेन चंद्र महतो, मुखिया लक्ष्मी सिंह, रूपा सिंह सरदार, जेएसएलपीएस के बीपीएम शिवदास घोष, एफटीसी नंदिनी घोष, टीएसआरडी के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर नंदलाल बॉक्सी, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट रूपाली बॉक्सी तथा पूर्व अध्यक्ष भीष्मनाथ महतो उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि टीएसआरडी पिछले करीब तीन दशकों से पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब महिलाएं घरों से बाहर निकलने में संकोच करती थीं और लोगों के सामने अपनी बात रखने में खुद को सक्षम नहीं समझती थीं। लेकिन विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर टैगोर सोसाइटी ने महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत नृत्य और नाटक की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस मौके पर अतिथियों के हाथों सभी प्रखंडों के जीपीएचडी, उत्कृष्ट मेट तथा महिला दिवस पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में कालीपद सांतरा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।





