बोड़ाम में मेगा हेल्थ कैंप 15 को, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रेणुका चौधरी समेत कई विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निशुल्क सेवा
Patamda: विवेकानंद आदर्श सेवा समिति बोड़ाम के तत्वावधान में आगामी 15 मार्च रविवार को बेलडीह (बी) उत्क्रमित मध्य विद्यालय में निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया है। इसमें जमशेदपुर की प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रेणुका चौधरी और कई अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर क्षेत्र के मरीजों की जांच करते हुए उन्हें मुफ्त में दवाओं का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में बेलडीह के पूर्व मुखिया शिवचरण सिंह सरदार एवं पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कैंप (शिविर) की सफलता के लिए प्रचार अभियान तेज कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि डॉ. रेणुका चौधरी की ओर से विद्यालय को उपलब्ध कराई गई हैंडवाश यूनिट का उद्घाटन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डॉ. रेणुका चौधरी स्वयं महिलाओं की विभिन्न समस्याओं से जुड़े रोगों का इलाज करेंगी। साथ ही जनरल फिजिशियन, बच्चों की समस्याओं के निदान हेतु शिशु चिकित्सक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाईयां उपलब्ध कराएंगे। प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि यह हमारे क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों के लिए सुनहरा अवसर है कि इतने बड़े और अनुभवी चिकित्सक हमारे गांव मे आकर निशुल्क इलाज करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से अपील की कि इस हेल्थ कैम्प का प्रचार-प्रसार करें ताकि विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े ग्रामीण लोगों तक इसकी सूचना मिले और लोग इसका अधिक से अधिक लाभ ले सके।





