मुकरुडीह में शहीद सांसद सुनील महतो स्मृति मेला आयोजित, झुमुर और छऊ नृत्य ने बांधा समां
Patamda: क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से वीर शहीद सुनील महतो स्मृति मेला कमिटी, मुकरुडीह के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित विशाल लोक सांस्कृतिक महोत्सव व मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। दिनभर चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और दर्शकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर में आयोजित मुर्गा पाड़ा प्रतियोगिता से हुई, जिसने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। इसके बाद पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। जय गराम करम दल और कदम फूले महके झुमुर आखड़ा के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति देकर लोगों का दिल जीत लिया। इस दौरान काजली महतो एवं शुकुंतला महतो के नेतृत्व में कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
रात्रि में आयोजित पारंपरिक छऊ नृत्य का रोमांचक मुकाबला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें उस्ताद तपन महतो (माझीहिड़ा) और उस्ताद कार्तिक कर्मकार (आदारडीह) की टीमों के बीच शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। दोनों टीमों के कलाकारों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। मेला में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्रीय लोक कलाकारों को सम्मानजनक मंच मिलता है और नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति व परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मेला समिति की सराहना की। इस अवसर पर पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, झामुमो अध्यक्ष अश्विन महतो, सुभाष कर्मकार, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, दीपंकर महतो, आशुदेव महतो सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





