तेतला में विकास की नई शुरुआत: विधायक संजीव सरदार ने 4.15 करोड़ की योजनाओं की रखी आधारशिला
गितिगोडा भवन निर्माण और पावरु चौक–चारडीहा सड़क से क्षेत्र में बढ़ेंगी सुविधाएं
Potka : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने रविवार को प्रखंड के तेतला गांव में कुल 4 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इन योजनाओं में झारखंड सरकार के आदिवासी कल्याण विभाग की योजना मद से 3.05 करोड़ रुपये की लागत से गितिगोडा भवन का निर्माण तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पावरु चौक से चारडीहा तक 1.240 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य शामिल है, जिसकी लागत लगभग 1.10 करोड़ रुपये है।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए गितिगोडा भवन का निर्माण कराया जा रहा है। भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को वैवाहिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पावरु चौक से चारडीहा तक बनने वाली सड़क पोटका और राजनगर प्रखंड के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी। सड़क निर्माण से दोनों प्रखंडों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। इस मौके पर मुखिया अमृत माझी, ग्रामप्रधान शत्रुघ्न सरदार, श्यामचरण सरदार, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, झामुमो नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन, हितेश भगत, चक्रधर महतो, अनुपम मंडल, बिरेन पात्र, असित सरदार, अनिल सरदार, लाल सरदार, प्रोरंजन सरदार, नरसिंह सरदार, विश्वनाथ सरदार, नरपति सरदार, शरत सरदार, परसुराम सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं: विधायक संजीव सरदार

Potka : पोटका प्रखंड के हेंसल आमदा पंचायत के खड़बंद गांव में जेबीसी खड़बंद, कांटासोला और टोपगाड़िया क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। फाइनल मुकाबले में रहरगोड़ा एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और 50 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। हलमत कोचा की टीम उपविजेता रही, जिसे 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं तृतीय स्थान सासोंन घुटू और चौथा स्थान एसपीके शंकर की टीम को मिला। समापन समारोह में झामुमो प्रखंड कोषाध्यक्ष अनुपम मंडल, पंचायत अध्यक्ष उदय सोरेन, कमिटी अध्यक्ष राजा राम मार्डी, सुनील हांसदा, बागात हांसदा, सुराई सोरेन, दशमत हांसदा, करण किस्कू सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।





