पटमदा में कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
Patamda : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे एक हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना भुईयांसिनान पुलिस कैंप के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कंटेनर गाड़ी की चपेट में आने से युवक सड़क किनारे जा गिरा। घायल युवक पटमदा के बामनी टोला महुलडीह निवासी है। करीब 25 वर्षीय सुधीर मांडी रोज की तरह अपनी अपाचे बाइक से टाटा स्टील में बी शिफ्ट की ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कंटेनर गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर सड़क किनारे जा गिरा, जिससे उसके एक पैर की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को 108 एम्बुलेंस से तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद भाग रही कंटेनर गाड़ी को स्थानीय लोगों ने पीछा कर ठनठनी घाटी स्थित मां काली ढाबा के पास पकड़ लिया। बाद में वाहन को पटमदा पुलिस के सहयोग से बोड़ाम पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर जमशेदपुर से दुर्गापुर की ओर जा रही थी और संभवतः ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ।





