कमलपुर मंडल कार्यालय में मनाया गया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
Patamda: कमलपुर मंडल कार्यालय में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस श्रद्धा, उत्साह और संगठनात्मक संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष कृपासिंधु महतो ने भाजपा के इतिहास और उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी, जिसकी वैचारिक जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं। शुरुआती दौर में पार्टी को काफी संघर्ष करना पड़ा और 1984 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मात्र 2 सीटों पर ही जीत मिली थी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और राष्ट्रवादी विचारधारा के बल पर भाजपा ने धीरे-धीरे देशभर में अपनी पकड़ मजबूत की। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पहली बार केंद्र में सरकार बनी, जिसने सुशासन और विकास की नई दिशा दी। इसके बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक बहुमत हासिल कर देश में स्थिर और मजबूत सरकार बनाई। उन्होंने भाजपा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विकास हुआ है, गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि। साथ ही, देश की वैश्विक पहचान भी मजबूत हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद के सिद्धांतों को अपनाकर संगठन को और मजबूत करें तथा देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में मधुसूदन महतो, कृपासिंधु महतो, प्रधान महतो, बोंकेश महतो, जलधर महतो, सुदर्शन महतो, ललित महतो, प्रशांत मिश्रा, असित मिश्रा, विश्वजीत कुंभकार एवं मनोज कुंभकार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






























