झाड़बामनी से पाथरडीह तक बनेगी 2 किमी पक्की सड़क, हुआ शिलान्यास
Patamda : मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत झाड़बामनी से पाथरडीह तक करीब 2 किलोमीटर लंबी कालीकरण सह पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का गुरुवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, 20 सूत्री अध्यक्ष कालीपद महतो, मुखिया प्रतिनिधि दीपक मुर्मू, उपमुखिया राजशेखर महतो, ग्राम प्रधान शंभूनाथ सोरेन, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, सिजेन हेंब्रम एवं सुबोध महतो आदि ने नारियल फोड़ा।
विभागीय कनीय अभियंता शिशिर कुमार ने बताया कि झाड़बामनी से टोला सोलरेखा होते हुए पाथरडीह तक अब तक कच्ची सड़क थी, जिससे विशेषकर बरसात के दिनों में कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए 2 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य इंडियन ट्रेडर्स द्वारा किया जाएगा।
विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने बताया कि यह सड़क ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने बताया कि विधायक मंगल कालिंदी के प्रयास से इस योजना को स्वीकृति मिली है, जिससे अब गांव के विभिन्न टोले मुख्य सड़क से जुड़ सकेंगे और आवागमन सुगम होगा। ग्राम प्रधान शंभूनाथ सोरेन ने भी ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि सड़क निर्माण के लिए गांव के कई परिवारों ने अपनी रैयती जमीन दान में दी है, ताकि क्षेत्र का समुचित विकास हो सके।






























